सक्ती विकासखण्ड में तुर्रीधाम मंदिर से लेकर गांव-गांव तक जगमगाया ‘आशीर्वाद का दीया’

सक्ती,

17 सितंबर को सक्ती विकासखण्ड में सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों सहित गांव-गांव और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। तुर्रीधाम मंदिर में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ दीप जलाए गए। मंदिर परिसर दीपों की रोशनी से आलोकित हो उठे और श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने सामूहिक रूप से ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर सेवा, सद्भाव और जनकल्याण के प्रति अपनी सहभागिता व्यक्त की। इसके साथ ही पंचायत भवनों, पीएम आवास, चौराहों, अमृत सरोवरों, सार्वजनिक परिसरों एवं शासकीय उचित मूल्य दुकानों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं, स्व-सहायता समूहों की दीदियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता से सक्ती विकासखण्ड में ‘हर घर दीया’ की भावना साकार होती दिखाई दी। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य राजा धर्मेंद्र सिंह, पूर्व विधायक डॉक्टर खिलावन साहू सहित अन्य विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक क्षेत्रवासी अधिकारी कर्मचारी और ग्रामीण जन उपस्थित रहे।





