जांजगीर चाम्पा

जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 की तैयारियां तेज

कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण


जांजगीर-चांपा //  जिले में 11, 12 एवं 13 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज शासकीय हाई स्कूल मैदान जांजगीर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ऐतिहासिक विष्णु मंदिर परिसर का अवलोकन करते हुए मंदिर परिसर में आकर्षक लाइटिंग एवं साज-सज्जा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान महोत्सव स्थल में विभिन्न विभागों एवं निजी संस्थाओं द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉल किसानों की आवश्यकता एवं हित को ध्यान में रखते हुए लगाए जाएं। उन्होंने कृषि आधारित योजनाओं, आधुनिक तकनीकों, बीज, उर्वरक, जैविक खेती, पशुपालन एवं उद्यानिकी से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने कहा। साथ ही किसानों को नई कृषि तकनीक, आधुनिक उपकरण, ड्रोन तकनीक सिंचाई के नवाचार एवं उन्नत बीजों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने मंच, स्टॉल व्यवस्था, साउंड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पार्किंग, यातायात व्यवस्था, बेरिकेटिंग, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए। कलेक्टर ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वनमंडलाधिकारी श्री हिमांशु डोंगरे, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कश्यप सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button