छ.ग. कलमकार मंच का वार्षिक अधिवेशन 22 फरवरी को बिलासपुर में

3 पुस्तकों का विमोचन और 115 साहित्यिक हस्तियाँ होंगी सम्मानित
बिलासपुर//छत्तीसगढ़ कलमकार मंच मस्तूरी- बिलासपुर की प्रबन्धकारिणी समिति द्वारा लिए गए निर्णय अनुसार 22 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ कलमकार मंच का चतुर्थ वार्षिक अधिवेशन हॉटल सेफ्रॉन, टेलीफोन एक्सचेंज रोड बिलासपुर में सम्पन्न होगा। यह कार्यक्रम श्री राजेन्द्र रंजन गायकवाड़ वरिष्ठ साहित्यकार एवं पूर्व केन्द्रीय जेल अधीक्षक, छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य आतिथ्य, श्री मंगत रवीन्द्र वरिष्ठ साहित्यकार की अध्यक्षता तथा श्री रामनाथ साहू वरिष्ठ साहित्यकार के विशिष्ट आतिथ्य में सम्पन्न होगा। इस अधिवेशन में राष्ट्रीय अलंकरण को मिलाकर कुल 13 क्षेत्रों में 115 कलमकारों, लोक गायकों एवं जानी-मानी हस्तियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। ये सम्मान अग्रलिखित क्षेत्रों में प्रदान किए जाएंगे- राजा गुरु बालक दास साहित्य सम्राट सम्मान श्री राजेन्द्र रंजन गायकवाड़ को, श्री लक्ष्मण मस्तुरिया साहित्य मनीषी सम्मान श्री मंगत रवीन्द्र को, श्री ई.वी. रामासामी पेरियार साहित्य क्रान्ति सम्मान श्री रामनाथ साहू को, श्री दयाराम टंडन ज्ञान रत्न सम्मान श्री सुरेश कुमार चन्द्रा पूर्व सैनिक एवं वरिष्ठ साहित्यकार को, प्रथम शिक्षिका सावित्रीबाई फुले शिक्षा ज्योति सम्मान कुमारी गरिमा पोयाम शिक्षिका को, श्री नकुल देव ढीढी साहित्य भास्कर सम्मान श्री दिलीप कुमार खोटे ‘आशु’ व्याख्याता एवं वरिष्ठ साहित्यकार को, डॉ. भीमराव अम्बेडकर कला कौशल सम्मान श्री देवेन्द्र मल्होत्रा लोक गायक को, ममतामयी मिनीमाता कला प्रतिभा सम्मान श्रीमती किरण भारती अनन्त लोक गायिका को, महात्मा ज्योतिबा फुले साहित्य प्रचार सम्मान श्री राजेन्द्र कश्यप संपादक एवं पूर्व प्रशासनिक अधिकारी को, श्री सरहस-जोधाई शौर्य सम्मान श्री गंगा प्रसाद बंजारे, से.नि. पुलिस उप निरीक्षक और श्री विजय कुमार सुरक्षित पुलिस सहायक प निरीक्षक बिलासपुर को संयुक्त रूप से, सफुरा माता वात्सल्य शक्ति सम्मान श्रीमती कांति चौधरी, से.नि. महिला बाल विकास पर्यवेक्षक एवं श्रीमती नम्रता वर्मा महिला बाल विकास पर्यवेक्षक गरियाबन्द को संयुक्त रूप से, सुभद्रा माता चिकित्सा सेवा सम्मान श्रीमती के. संध्या नेताम नर्सिंग ऑफिसर आन्ध्रप्रदेश को प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा कलमकार साहित्य-शक्ति अलंकरण संयुक्त राज्य अमेरिका के “वाइस ऑफ मानवता” चैनल के चीफ श्री मेघराज सिंह सहित भारत संघ के 101 साहित्यकारों को प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर तीन पुस्तकों का विमोचन भी होगा। इसमें “कलम मेरे साथी” – राष्ट्रीय साझा काव्य संग्रह और डॉ. किशन टण्डन क्रान्ति की 2 कृतियाँ क्रमशः “सतनाम धर्म और उनके पन्थ” तथा “सतनाम प्रकाश” शामिल हैं। डॉ. किशन टण्डन क्रान्ति के सम्पादन तथा छत्तीसगढ़ कलमकार मंच के तत्वावधान में प्रकाशित 242 पृष्ठ की पुस्तक “कलम मेरे साथी” में 64 साहित्यकारों के जीवन-वृत्त तथा उनकी श्रेष्ठ रचनाओं का शानदार संकलन हैं।उक्त जानकारी छत्तीसगढ़ कलमकार मंच के संस्थापक-अध्यक्ष डॉ. किशन टण्डन क्रान्ति साहित्य वाचस्पति, उपाध्यक्ष श्री जुगेश बंजारे धीरज, सचिव श्री नवीन कुमार कुर्रे तथा प्रचार सचिव श्री मणिशंकर दिवाकर ‘गदगद’ द्वारा संयुक्त रूप से दी गई है।



