जांजगीर चाम्पा

युवा जांजगीर द्वारा लगातार स्वच्छता अभियान, नहर क्षेत्र में सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश

जांजगीर: चांपा
“गंदगी हटाओ, बीमारी भगाओ” के संदेश के साथ युवा जांजगीर द्वारा नहर के सामने स्थित क्षेत्र में साप्ताहिक स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान चित्रांग प्रोजेक्ट के अंतर्गत पिछले कई महीनों से लगातार हर सप्ताह आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत अलग-अलग स्थानों पर साफ-सफाई कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।युवा जांजगीर द्वारा नहर क्षेत्र में लगातार सफाई अभियान चलाने के पीछे एक महत्वपूर्ण संदेश भी दिया जा रहा है कि हमें सिर्फ अपने शहर ही नहीं, बल्कि जल स्रोतों को भी स्वच्छ रखना है। टीम का मानना है कि स्वच्छ पानी और स्वच्छ वातावरण दोनों एक स्वस्थ समाज के लिए आवश्यक हैं।इसी क्रम में 19 अप्रैल 2026, सुबह 6 बजे, जांजगीर-चांपा के मुख्य नहर (नहरिया बाबा नहर) क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। निर्धारित समय पर एकत्रित होकर टीम के सदस्यों ने मास्क, ग्लव्स और झाड़ू के साथ सफाई कार्य शुरू किया।कई घंटों की मेहनत के बाद लगभग 12 से अधिक बोरे कचरा, प्लास्टिक, पॉलिथीन और टूटी बोतलों को हटाया गया, जिससे पूरे इलाके का स्वरूप साफ और व्यवस्थित नजर आया।अभियान की विशेष बात यह रही कि इसमें महिलाओं की भागीदारी अधिक रही। महिलाओं की सक्रिय उपस्थिति ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता अभियान में समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है और इससे सामूहिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।इस दौरान आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने भी इस पहल की सराहना की और युवाओं के इस प्रयास को प्रेरणादायक बताया।अभियान में शामिल नए सदस्य पूजा और आध्या ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कचरा हम स्वयं फैलाते हैं, इसलिए उसका प्रबंधन भी हमें ही करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रकार हम अपने घर को साफ रखते हैं, उसी प्रकार हमें अपने आसपास के सभी स्थानों को भी अपना घर समझकर स्वच्छ रखना चाहिए।युवा जांजगीर टीम का उद्देश्य हर सप्ताह एक नए क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों में जागरूकता फैलाना है, ताकि स्वच्छता को एक आदत के रूप में अपनाया जा सके। युवा जांजगीर,जांजगीर और आसपास के युवाओं द्वारा बनाया गया एक स्वतंत्र युवा क्लब है, जिसका उद्देश्य छोटे-पैमाने के सामाजिक कार्यों के माध्यम से युवाओं में क्षमता-विकास और नागरिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। क्लब शिक्षा-सहायता और कौशल-विकास से जुड़े कार्य भी करता है। यह किसी राजनीतिक या धार्मिक संस्था से संबद्ध नहीं है और संविधान के मूल्यों पर आधारित है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button