अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 4 ट्रैक्टर एवं 10 हाईवा जब्त


जांजगीर-चांपा, // कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया।खनि अधिकारी ने बताया कि तहसील नवागढ़ अंतर्गत अवैध रेत परिवहन करते पाए जाने पर 3 ट्रैक्टरों को जब्त कर थाना नवागढ़ के सुपुर्द किया गया। इसी प्रकार तहसील शिवरीनारायण के ग्राम कनस्दा में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन करते 1 ट्रैक्टर को जब्त कर संबंधित थाना के सुपुर्द किया गया है। इसके अतिरिक्त चांपा, पीथमपुर, हथनेवरा तथा जांजगीर मुख्य मार्ग पर जांच के दौरान कुल 10 हाईवा वाहनों को खनिजों के अवैध परिवहन करते पाए जाने पर जब्त किया गया। सभी जब्त वाहनों को पुलिस लाइन खोखरा एवं चांपा थाना में रखा गया है।जप्त वाहनों में 03 हाईवा में खनिज चूनापत्थर (गिट्टी) तथा 07 हाईवा में रेत के अवैध परिवहन के प्रकरण दर्ज किए गए हैं। दर्ज प्रकरणों पर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23 (ख) के अधीन अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।कलेक्टर श्री महोबे ने कहा है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर लगातार सघन अभियान जारी रहेगा।




