आई टी (IT-ITeS) ट्रेड के विद्यार्थियों ने किया औद्योगिक भ्रमण

तकनीकी प्रशिक्षण, लैब निरीक्षण एवं रोजगारपरक कौशलों का मिला व्यावहारिक अनुभव
जांजगीर-चांपा
स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, भैंसो के कक्षा 9वीं, 10वीं एवं 11वीं के IT-ITeS ट्रेड के विद्यार्थियों ने समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम के तहत 27 नवंबर 2026 को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), खरौद, जिला जांजगीर-चांपा का औद्योगिक शैक्षणिक भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान आईटीआई के प्राचार्य वीरेंद्र कुमार भारते एवं प्रशिक्षक एच.पी. पाटले तथा रोशन एल.पी. राठौर ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रशिक्षण लैबों का निरीक्षण कराया। उन्होंने कंप्यूटर एवं तकनीकी प्रशिक्षण से संबंधित उपकरणों, आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण गतिविधियों एवं उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने तकनीकी प्रशिक्षण की प्रक्रियाओं को समझा तथा व्यावहारिक कौशल, कार्यस्थल सुरक्षा एवं तकनीकी दक्षता से संबंधित मार्गदर्शन प्राप्त किया।
समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ व्यावहारिक कौशल एवं रोजगार से जुड़ी जानकारी प्रदान करता है। विद्यालय में संचालित IT-ITeS ट्रेड के माध्यम से विद्यार्थियों को कंप्यूटर, सूचना प्रौद्योगिकी एवं डिजिटल सेवाओं का ज्ञान दिया जाता है। ऐसे औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों को वास्तविक कार्यक्षेत्र समझने तथा भविष्य में रोजगार के अवसरों के लिए तैयार होने में सहायक होते हैं।यह भ्रमण विद्यालय के प्राचार्य रमेश भार्गव के मार्गदर्शन में व्यावसायिक शिक्षिका पूजा वैभव के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर व्याख्याता नीलिमा साहू, अनिल घिड़ोरे, व्यावसायिक शिक्षिका सीमा चंद्रा एवं सहायक ग्रेड-2 दीपक राज का सक्रिय सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा। भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी एवं उपयोगी रहा।




