वेल विशर फाउंडेशन ने किया साइबर अपराध जागरूकता एवं सम्मान समारोह का आयोजन

जांजगीर-चांपा

अकलतरा// वेल विशर फाउंडेशन के तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर, अकलतरा के प्रांगण में साइबर अपराध जागरूकता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुई।कार्यक्रम में जिला साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा, थाना अकलतरा प्रभारी जय कुमार साहू, वरिष्ठ समाजसेवी ओम प्रकाश साहू, बिहारी लाल ताम्रकार एवं प्राचार्य केशव कौशिक अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।जिला साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने वेल विशर फाउंडेशन के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से मोबाइल का सदुपयोग पढ़ाई एवं ज्ञानवर्धक कार्यों के लिए करने, अनजान कॉल से सतर्क रहने तथा किसी भी व्यक्ति के साथ OTP साझा नहीं करने की अपील की। उन्होंने साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूक और सतर्क रहने पर जोर दिया।थाना अकलतरा प्रभारी जय कुमार साहू ने साइबर अपराध के साथ-साथ विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने तीन सवारी वाहन नहीं चलाने और दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनने की सलाह दी। साथ ही साइबर ठगी या अपराध होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने अथवा नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की जानकारी दी।वेल विशर फाउंडेशन के सदस्य दीपक साहू ने विद्यार्थियों से कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुनने और उन्हें अपने जीवन में अपनाने की अपील की। कार्यक्रम को ओम प्रकाश साहू, बिहारी लाल ताम्रकार एवं प्राचार्य केशव कौशिक ने भी संबोधित किया।कार्यक्रम का संचालन फाउंडेशन के सचिव चिराग शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सदस्य श्रीपाल सिंह बैस ने किया।समारोह के अंत में वेल विशर फाउंडेशन द्वारा सामाजिक कार्यों में सहयोग एवं शिक्षा के साथ समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए विभिन्न संस्थाओं एवं समाजसेवी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें सरस्वती शिशु मंदिर अकलतरा, गायत्री हाई स्कूल अकलतरा, सेंट जेवियर्स स्कूल, मां गायत्री संस्कृत उच्च. माध्य.स्कूल कटनई, स्व.जी डी दीवान हायर सेकेंडरी स्कूल कटनई, दिव्य मॉडर्न स्कूल नरियरा, शासकीय इन्द्रजीत महाविद्यालय एनएसएस इकाई, आत्मानंद स्कूल तथा पर्यावरण मित्र दिकपाल साहू शामिल रहे।इस अवसर पर वेल विशर फाउंडेशन के सचिव चिराग शर्मा, कोषाध्यक्ष श्रीमती रंजना सिंह, सदस्य दीपक साहू, श्रीपाल सिंह बैस, प्रशांत कोटनगले, प्रेम निलमकर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।





