रायपुर

थाना मौदहापारा एवं क्राइम ब्रांच रायपुर की संयुक्त कार्यवाही में चाकू की नोक पर लूट की वारदात करने वाले आदतन अपराधी राशिद उर्फ राजा बैझड़़ सहित 01 अन्य आरोपी गिरफ्तार

रायपुर
रायपुर पुलिस द्वारा शहर में सक्रिय आदतन अपराधियों एवं हथियारबाज तत्वों के विरुद्ध लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मौदहापारा एवं क्राइम ब्रांच रायपुर की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। टीम द्वारा थाना मौदहापारा के तालाब पार इलाके में कल्लू गैरज के पास चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी राशिद अली उर्फ राजा उर्फ बैझड़ एवं उसके 01 साथी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू एवं लूटी गई रकम में से शेष नगदी बरामद की गई है।प्रार्थी शेख साहिल द्वारा थाना मौदहापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 11.05.2026 की रात्रि लगभग 10:30 बजे तालाब पार के पास स्थित कल्लू गैरेज क्षेत्र में आरोपीगणों द्वारा उसे रोककर चाकू दिखाते हुए भयभीत किया गया तथा उसके पास रखी नगदी रकम लूट ली गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना मौदहा पारा में अपराध क्रमांक 84/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना  एवं क्राइम ब्रांच रायपुर की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की पता साजी हेतु मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी गई तथा तकनीकी साक्ष्यों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान मुख्य आरोपी राशिद अली उर्फ राजा उर्फ बैझड़ का नाम सामने आया, जो मूलतः संजय नगर थाना टिकरापारा क्षेत्र का रहने वाला है तथा पिछले कुछ समय से थाना मौदहापारा क्षेत्र अंतर्गत मस्जिद के पास स्थित एक खाली प्लॉट में रह रहा था। पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपी का भाठागांव, बैजनाथपारा, मोदहापारा, गोलबाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार आना-जाना था तथा उसका आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के साथ उठना-बैठना था। आरोपी के संबंध में पूर्व से हथियार लेकर घूमने, लोगों को डराने-धमकाने एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने की सूचनाएं प्राप्त होती रही थीं। संयुक्त टीम द्वारा लगातार दबिश एवं निगरानी कार्यवाही करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिस पर उसने अपने साथी के साथ मिलकर लूट की घटना कारित करना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू एवं लूटी गई रकम में से शेष नगदी बरामद की गई।मुख्य आरोपी राशिद उर्फ राजा बैझड़ थाना टिकरापारा क्षेत्र का आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध पूर्व में आम्र्स एक्ट, चाकूबाजी, लोगों को भयभीत करने, अवैध हथियार रखने एवं हत्या जैसे गंभीर अपराधों के अनेक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी पूर्व में हत्या के मामले में जेल भी जा चुका है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी अक्सर हथियार लेकर सार्वजनिक स्थानों पर घूमता था तथा क्षेत्र में भय का वातावरण निर्मित करता था।रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन में भय एवं असुरक्षा का वातावरण निर्मित करने वाले आदतन अपराधियों, हथियार बाजों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध भविष्य में भी लगातार प्रभावी एवं कठोर कार्यवाही जारी रहेगी। इस संपूर्ण कार्यवाही में थाना मौदहापारा एवं क्राइम ब्रांच रायपुर की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button