Janjgir-Champa के Bhavtara में चार हरे हत्याकांड का खुलासा, बाप-बेटे गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भंवतरा में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस सनसनीखेज वारदात को मृतक के बेटे और पोते ने मिलकर अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।जानकारी के अनुसार, मृतक मेदनी प्रसाद अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ नए मकान निर्माण स्थल पर खाट में सो रहे थे। देर रात आरोपियों ने सोते समय धारदार हथियार से हमला कर चार लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। सुबह जब निर्माण कार्य के लिए मिस्त्री मौके पर पहुंचे, तब खाट पर शव पड़े देखकर घटना की जानकारी सामने आई। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने खुलासा किया कि हत्या की इस वारदात के पीछे पैतृक संपत्ति विवाद मुख्य वजह था। पुलिस के मुताबिक, मृतक का बेटा सोना साय कश्यप अपने बेटे गोलू के साथ मिलकर लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद को लेकर नाराज था। इसी रंजिश में दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सोना साय का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। वह पूर्व में अपने बड़े भाई की हत्या के मामले में करीब 15 साल की सजा काट चुका था और लगभग दो वर्ष पहले ही जेल से रिहा होकर गांव लौटा था। जेल से लौटने के बाद भी परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद लगातार जारी था।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।




