जांजगीर-चांपा

बीईओ बम्हनीडीह का शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों के नाम संदेश

जांजगीर-चांपा

IMG 20260905 090822 1 kshititech

शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर विकासखंड बम्हनीडीह के सभी शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं।

 

प्रिय गुरुजन

 

दोनों हाथ जोड़कर 🙏 मेरा दंडवत प्रणाम स्वीकार करें 🙏…….

 

डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर मनाया जाने वाला यह दिवस आप सभी के त्याग, समर्पण और अमूल्य योगदान के प्रति आभार व्यक्त करने तथा आप सभी के बहुमूल्य योगदान को रेखांकित करने का दिन है।

 

एक शिक्षक केवल अक्षर ज्ञान नहीं देता, बल्कि वह विद्यार्थियों के चरित्र का निर्माण कर समाज और राष्ट्र की मजबूत नींव तैयार करता है।

 

बम्हनीडीह विकासखंड के शैक्षणिक स्तर को निरंतर नई ऊंचाइयों पर ले जाने में आप सभी की निष्ठा और मेहनत सराहनीय है।

 

मार्गदर्शक की भूमिका: बच्चों में अपार प्रतिभा है; आपकी प्रेरणा और मार्गदर्शन ही उनके सपनों को साकार करने का माध्यम है।

 

नवाचार को प्रोत्साहन: आधुनिक समय की आवश्यकताओं के अनुसार शिक्षण में नवाचार, तकनीक और रचनात्मक गतिविधियों को प्राथमिकता दें, ताकि प्रत्येक बच्चा सहजता से सीख सके।

 

कर्तव्यनिष्ठा: सभी परिस्थितियों में भी शिक्षा की लौ जलाए रखना आपकी सच्ची कर्तव्यनिष्ठा का प्रमाण है।

 

प्रशासनिक सहयोग: एक बीईओ के रूप में, मैं आपको विश्वास दिलाता हूँ कि आपकी समस्याओं का समाधान करना और आपको एक बेहतर शैक्षणिक माहौल देना हमारी प्राथमिकता है। हम एक टीम की तरह काम करेंगे

 

विकासखंड शिक्षा अधिकारी के रूप में, मैं रोजाना हमारे ब्लॉक के स्कूलों में आपके मनोयोग और समर्पण को देखता हूँ। ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में भी आप जो ज्ञान की अलख जगा रहे हैं, वह अद्वितीय है।हमारा उद्देश्य हमारे ब्लॉक को शिक्षा के क्षेत्र में एक मॉडल ब्लॉक (आदर्श विकासखंड) बनाना है। इसके लिए हमें मिलकर काम करना होगा। मेरा आप सभी से आग्रह है कि आप बच्चों को केवल परीक्षा पास करने के लिए नहीं, बल्कि जीवन में सफल और एक अच्छा इंसान बनने के लिए तैयार करें। आपके हर सकारात्मक प्रयास में विकासखंड प्रशासन हमेशा आपके साथ खड़ा है।आइए, आज हम सब मिलकर संकल्प लें कि हमारे ब्लॉक का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा और हम शिक्षा के स्तर को एक नई ऊंचाई पर ले जाएंगे।

 

कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बम्हनीडीह का

शिक्षा गुणवत्ता और प्रशासनिक पारदर्शिता की दिशा में नवाचारी पहल –

विकासखंड बम्हनीडीह में शैक्षणिक स्तर को उत्कृष्ट बनाने तथा शिक्षकों व कर्मचारियों के प्रशासनिक कार्यों को सुगम करने के उद्देश्य से विभिन्न नवाचारों का संचालन किया जा रहा है:

मोर सेवापुस्तिका, मोर अधिकार, मोर जिम्मेदारी: सेवापुस्तिकाओं का समयबद्ध संधारण और अद्यतनीकरण सुनिश्चित करने हेतु यह विशेष अभियान जारी है, जिससे कर्मचारियों में अपने दायित्वों के प्रति सजगता बढ़े।

 

मेरी तैयारी, मेरी सफलता: विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं एवं वार्षिक आकलनों के लिए मानसिक व अकादमिक रूप से सशक्त बनाने हेतु नियमित मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

 

विद्यार्थी बनाएंगे स्वयं प्रश्न बैंक, परीक्षा में लाएंगे शीर्ष रैंक: कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को मासिक टेस्ट के प्रश्नों व उत्तरों के लिए एक अलग कॉपी बनाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। इस स्व-निर्मित प्रश्न बैंक से विद्यार्थी सत्र के अंत में त्वरित और प्रभावी पुनरावलोकन कर सकेंगे।

 

गणितीय दक्षता संवर्धन (पहाड़ा ट्रैकिंग): बुनियादी गणितीय कौशलों को मजबूत करने के लिए प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक स्तर पर विद्यार्थियों की पहाड़ा सीखने की प्रगति का प्रतिमाह मूल्यांकन व ट्रैकिंग की जा रही है।

 

बारहखड़ी एवं इमला पर विशेष फोकस किया जा रहा है

 

सक्रिय अकादमिक निगरानी: विकासखंड शिक्षा अधिकारी के रूप में शाला निरीक्षण के दौरान बच्चों की फेयर कॉपियों का अवलोकन व उन पर हस्ताक्षर करना न केवल कर्तव्य बल्कि अत्यंत गर्व का क्षण है, जिससे विद्यार्थियों में नियमित और सुव्यवस्थित अध्ययन की आदत विकसित हो रही है।

 

विकासखंड प्रशासन बम्हनीडीह के सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और विद्यालयों के गुणात्मक विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

 

आइए, इस शिक्षक दिवस पर हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि बम्हनीडीह के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण, संस्कारयुक्त और समावेशी शिक्षा प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की राह प्रशस्त करेंगे।

 

सूरज अपनी रोशनी भर दे

जीवन में आपके,

फूल अपनी ख़ुशबू भर दे

जीवन में आपके,

आप रहो बस हमेशा ख़ुश

इतनी ख़ुशियाँ आयें

जीवन में आपके

 

आप सभी का जीवन उत्तम स्वास्थ्य, सम्मान और सफलता से परिपूर्ण रहे।

सादर,

 

*बसंत चतुर्वेदी*

विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO)

बम्हनीडीह

Related Articles

Back to top button