Kharod Pratibha Samman Samaroh : शासकीय स्कूल की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास : कलेक्टर, वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू की स्मृति में ‘प्रतिभा सम्मान समारोह एवं कॅरियर मार्गदर्शन’ आयोजित, खरौद के हायर सेकेंडरी, मिडिल स्कूल और प्रायमरी स्कूल के प्रतिभावान 42 छात्र-छात्राओं और खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

जांजगीर-चाम्पा.

खरौद के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू की स्मृति में ‘प्रतिभा सम्मान समारोह एवं कॅरियर मार्गदर्शन’ आयोजित हुआ. यहां 5 वीं, 8वीं, 10वीं, 12 वीं के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के साथ खिलाड़ियों का सम्मान किया गया. आयोजन का यह पांचवां वर्ष रहा, जहां छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह नजर आया.

समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर जन्मेजय महोबे रहे. अति विशिष्ट अतिथि के रूप के जिला पंचायत के सीईओ विनय पोयाम मौजूद रहे. अध्यक्षता एडिशनल एसपी डॉ. यूलैंडन यार्क ने की. विशिष्ट अतिथि के रूप में पामगढ़ एसडीएम आरके तम्बोली, चाम्पा की आउंटेनर सुश्री अमिता श्रीवास, 12वीं की टॉपर छात्रा सुश्री खुशबू देवांगन, ड्रोन दीदी श्रीमती हेमलता मनहर, स्कूल जनभागीदारी की अध्यक्ष धनेश्वरी आदित्य, केवराबाई सिदार, पार्षद डॉ. हरेकृष्ण साहू, वरिष्ठ नागरिक सुबोध शुक्ला उपस्थित थे. इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू स्मृति आयोजन समिति खरौद के संयोजक राजकुमार साहू ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी दी.

यहां कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि शासकीय स्कूल की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का यह सार्थक प्रयास है. उन्होंने आयोजन समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल में 5 साल से प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही है, इसकी जितनी तारीफ की जाए, कम है. कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि छात्र-छात्राओं को अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य पर फोकस करना चाहिए. छात्र-छात्राओं को किस क्षेत्र में आगे बढ़ना है, यह पहले तय करना चाहिए और उसी दिशा में लगातार कोशिश करने से सफलता जरूर मिलती है. अति विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत के सीईओ विनय पोयाम ने कहा कि छात्र-छात्राओं को किसी मंच पर सम्मान मिलने से उन्हें प्रोत्साहन मिलता है और आगे बढ़ने की उन्हें प्रेरणा मिलती है. ऐसे में इस तरह का आयोजन हमेशा होते रहना चाहिए. समारोह की अध्यक्षता कर रहे एडिशनल एसपी डॉ. यूलैंडन यार्क ने छात्र-छात्राओं को कॅरियर सम्बन्धी जानकारी देते कहा कि प्रतिभाओं को सम्मान मिलने से उन्हें और ज्यादा बेहतर करने और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है. उन्होंने कहा कि शासकीय स्कूल में ऐसा आयोजन होना, यह बहुत बड़ी बात है, क्योंकि ऐसा कम ही देखने को मिलता है. उन्होंने आयोजन समिति के प्रयास की तारीफ करते कहा कि यह कोशिश आगे बढ़नी चाहिए और स्कूल के छात्र-छात्राओं को कॅरियर बनाने की दिशा में उन्हें मार्गदर्शन आगे भी दिया जाएगा. साथ ही, प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने सपोर्ट भी किया जाएगा. इस दौरान उन्होंने सायबर और ट्रैफिक जागरूकता को लेकर भी बातें रखीं. पामगढ़ एसडीएम आरके तम्बोली ने कहा कि इस तरह का आयोजन हर स्कूल में होना चाहिए. अभी 5 साल से खरौद के स्कूल में यह प्रतिभा सम्मान समारोह हो रहा है तो सभी को जुड़कर ऐसे कार्यक्रम को सफल बनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं के सम्मान से उनकी प्रतिभा निखरती है और उन्हें आगे ज्यादा बेहतर करने के लिए प्रोत्साहन मिलता है.

कार्यक्रम का संचालन चाम्पा की जया अग्रवाल ने किया और आभार प्रदर्शन स्कूल के प्राचार्य आरके गोस्वामी ने किया. इस मौके सीएमओ सत्यनारायण देवांगन, इंदलदेव समिति के अध्यक्ष कृष्णकुमार आदित्य, विजय कुमार मनहर, अजीत बंजारे, शिक्षक रामस्वरूप साहू, धन्यसाय साहू, राजेन्द्र कंवर, जागेश्वर सिदार, प्रकाश साहू, हिमांशु, विकास साहू, व्याख्याता एचएल धृतलहरे, दिलीप कुमार मिश्रा, सालिकराम कश्यप, डीसी देवांगन, भूमिका यादव, विवेक तिवारी, सोमनाथ कश्यप, लिपिक सचिन मिश्रा, अजय कश्यप, संकुल समन्वयक उपेन्द्र सिंह ध्रुव, मिडिल स्कूल शुकुलपारा के प्रधान पाठक डीके कश्यप, शिक्षक गोरेलाल कश्यप, नीलकमल साहू, रविशंकर यादव, सुरेश सिंह, भृत्य सुदामा सिदार, प्रेम आदित्य उपस्थित थे.

बॉक्स में…
माउंटेनर, टॉपर छात्रा और ड्रोन दीदी ने अपना अनुभव साझा किया
कॅरियर मार्गदर्शन के तहत चाम्पा की माउंटेनर अमिता श्रीवास ने छात्र-छात्राओं को बताया कि उन्होंने 8 साल तक कठिन मेहनत की, तब जाकर माउंट एवरेस्ट को फतह की. उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि आगे बढ़ने के लिए आपको अपना लक्ष्य तय करना होगा, फिर उसी दिशा में मार्गदर्शन के साथ लगन से जुटना होगा, इसके बाद सफलता जरूर मिलेगी. 12वीं की टॉपर छात्रा खुशबू देवांगन ने कहा कि उन्होंने कॉमर्स से पढ़ाई की और मेरिट में जगह बनाई है. कहा जाता है, कॉमर्स से मेरिट में जगह बनाना मुश्किल मानी जाती है, लेकिन उन्होंने मेहनत की और पढ़ाई की प्लानिंग की तो सफलता मिली. उन्होंने बताया कि 10वीं की मेरिट में आने से कुछ नम्बरों से चूक गई थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और 12वीं में मेरिट में जगह बना ली, इसलिए उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि मेहनत से पीछे नहीं हटना चाहिए और पढ़ाई का शेड्यूल बनाकर नियमित अध्ययन करना चाहिए. ड्रोन दीदी हेमलता मनहर ने कहा कि एक वक्त था, जब वे घर की चारदीवारी में रहकर घर संभालती थी, लेकिन परिवार का सपोर्ट मिला तो वे आज जिले की पहली ड्रोन दीदी बन गई है और लखपति दीदी बनकर आगे बढ़ रही है. उन्होंने छात्र-छात्राओं को कहा कि कोई भी परिस्थिति हो, खुद पर भरोसा जरूर रखना चाहिए और उस क्षेत्र में पूरी ताकत के साथ कार्य करना चाहिए, जिस क्षेत्र में आप आगे बढ़ना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि आज उन्हें काफी सम्मान मिलता है, इससे उन्हें खुशी होती है. इस तरह छात्र-छात्राओं को कहा कि जब आप कोई उपलब्धि हासिल करते हैं तो सबसे ज्यादा गौरव का पल आपके परिवार के लिए होता है.
बॉक्स में…
इन छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान…
खरौद के शासकीय प्रायमरी स्कूल खाल्हेपारा के 5वीं के प्रतिभावान छात्र मयंक कुमार यादव, मोचन रात्रे, सुशांत नोनिया, अनिवार्य प्राथमिक शाला शुकुलपारा के 5वीं की प्रतिभावान छात्रा मोहनी साहू, धानी आदित्य, सन्तोष आदित्य, मिडिल स्कूल शुकुलपारा के 8वीं की प्रतिभावान छात्रा यसीता आदित्य, जोनिका बर्मन, संध्या यादव, हायर सेकेंडरी स्कूल के 10वीं की प्रतिभावान छात्रा पुष्पा साहू, छात्र तरुण कुमार चौहान, छात्रा वीणा नोनिया और 12 वीं प्रतिभावान के छात्र हिमेश कुमार आदित्य, छात्रा अनिशा खूंटे, भूमि काटले, गगन साहू, दिव्या आदित्य, वंशिका नोनिया, यंकिता नोनिया, टुकेश्वर साहू, रिया सिदार का सम्मान किया गया. इसी तरह गाजियाबाद ( उप्र ) में आयोजित नेशनल ड्राप रो बॉल स्पर्धा में शामिल होनहार खिलाड़ी भानू सिदार, देवव्रत भारद्वाज और पीयूष बंजारा का भी सम्मान किया गया. साथ ही, 10वीं कक्षा में 60 फीसदी से अधिक अंक लाने वाले 14 और बारहवीं के 4 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया.




