हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी होगी नगर पालिका के हवाले

मंत्रिपरिषद के निर्णय का भाजपा नेता प्रशांत ठाकुर ने किया स्वागत

जांजगीर चांपा// छग गृह निर्माण मंडल द्वारा विकसित हसदेव विहार कॉलोनी (हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी) अब नगर पालिका के नियंत्रण में होगी। लंबे समय से यहां के रहवासी इस आशय की मांग कर रहे थे। शासन द्वारा लिए गए इस बहुप्रतीक्षित निर्णय की चौतरफा प्रशंसा की जा रही है।ज्ञात हो कि लगभग 20 वर्ष पूर्व जिला पंचायत रोड में छग गृह निर्माण मंडल द्वारा आवासीय कॉलोनी हसदेव विहार (हाउसिंग बोर्ड कालोनी) विकसित की गई थी। नियमानुसार कॉलोनी निर्माण पश्चात स्थानीय निकाय को इसे हस्तांतरित किया जाना था। कॉलोनी के विकास कार्य का दायित्व तदनुसार सम्बंधित निकाय की होती, परन्तु यह नहीं हुआ। हस्तांतरण के सम्बंध में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा अनेक अड़चन लगाई गई। इस बीच कॉलोनी के रहवासियों की स्थिति शरणार्थी कैम्प जैसे हो गयी। विकास कार्य की स्पष्ट जवाबदारी न हाउसिंग बोर्ड को थी, न नगरीय निकाय को जिससे उलझन बढ़ती गयी और निवासियों की समस्या भी।विकास कार्य के लिए नागरिको को दर-दर भटकना पड़ा।इस विषय को अक्टूबर माह में जांजगीर प्रवास पर आए उपमुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के संज्ञान में लाया गया, जिनके प्रयास से कल मंत्रिपरिषद की बैठक में कॉलोनी के हस्तांतरण सम्बन्धी महत्वपूर्ण निर्णय लिया जा सका। भाजपा सरकार के इस निर्णय की सर्वत्र सराहना हो रही है। भाजपा नेता प्रशांत सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं इस महत्वपूर्ण निर्णय के सूत्रधार उपमुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, वित्त एवं प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है।



