जांजगीर चाम्पा

16 सप्ताह से चल रहा नहर सफाई अभियान, 27 मार्च को हुआ मेगा क्लीनअप ड्राइव

img 20260329 wa02848296174525445172912 Console Corptech

जांजगीर चांपा // जिले में युवा जांजगीर द्वारा संचालित मुख्य नहर सफाई अभियान के अंतर्गत 27 मार्च को नहरिया बाबा मार्ग स्थित मुख्य नहर में मेगा क्लीनअप ड्राइव का सफल आयोजन किया गया। यह अभियान पिछले 16 सप्ताह से निरंतर चल रहा है और अब एक व्यापक जनांदोलन का रूप लेता जा रहा है।विश्व जल दिवस के अवसर पर युवाओं ने संकल्प लिया था कि नहर की सफाई एवं संरक्षण को व्यापक स्तर पर किया जाएगा। उसी संकल्प को साकार करते हुए यह विशेष अभियान आयोजित किया गया, जिसमें प्रशासन और समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री विजय पांडे, नगर पालिका CMO श्री विक्रम भगत, जिला NSS अधिकारी, NSS अधिकारी श्री बी.के. पटेल, विभिन्न महाविद्यालयों के NSS अधिकारी, छात्र-छात्राएं, युवा जांजगीर के सदस्य तथा कृषि महाविद्यालय बनारी में संचालित NSS विशेष शिविर के स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान NSS अधिकारी श्री बी.के. पटेल ने सुझाव दिया कि नहर संरक्षण एवं विकास को संगठित और दीर्घकालिक रूप देने के लिए शीघ्र ही सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों, NSS, NCC, MY Bharat तथा अन्य समान विचारधारा वाले संगठनों की एक औपचारिक बैठक आयोजित की जाए। इस बैठक में 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) को एक भव्य मेगा स्वच्छता एवं हरित विकास कार्यक्रम आयोजित करने की विस्तृत योजना बनाई जाएगी।अभियान की सफलता के पीछे युवा जांजगीर की सुनियोजित तैयारी अहम रही। टीम के सदस्यों ने प्रशासनिक अधिकारियों, NSS समन्वयकों, महाविद्यालयों और छात्रावासों में व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर आमंत्रण दिया तथा पत्रों के माध्यम से भी युवाओं को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया।इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि सार्वजनिक संपत्तियाँ हम सभी की होती हैं और उनकी सुरक्षा व संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार और प्रशासन तभी प्रभावी सहयोग कर सकते हैं, जब आम नागरिक सार्वजनिक स्थानों के प्रति जिम्मेदारी और अपनत्व दिखाएँ। नहर जांजगीर की सबसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक संपत्तियों में से एक है और इसे बचाने में शहर के प्रत्येक नागरिक की भूमिका आवश्यक है।युवा जांजगीर ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल कचरा हटाना नहीं, बल्कि लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना है। संस्था का मानना है कि जांजगीर के नागरिक अपनी नहर को बचाने के लिए बहुत कुछ कर सकते हैं और इस प्रयास में सरकार एवं जिला प्रशासन पूरा सहयोग देंगे। नहर संरक्षण की शुरुआत नियमित सफाई, जन-जागरूकता, फेंसिंग, पौधारोपण और आसपास के क्षेत्र के समग्र विकास से होनी चाहिए।भविष्य में नहर के किनारों को तितली उद्यान, औषधीय पौधों के उद्यान, फल उद्यान और कैनाल-व्यू पार्क के रूप में विकसित करने की भी योजना है, जहाँ लोग संस्कृति, पर्यावरण और संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करते हुए समय बिता सकेंगे। वन विभाग, सिंचाई विभाग, उद्यानिकी विभाग, कृषि महाविद्यालय, स्थानीय व्यापारिक प्रतिष्ठान और आम नागरिकों के सहयोग से पौधारोपण, ट्री गार्ड, बैठक व्यवस्था और सिंचाई के सरल स्थानीय उपाय विकसित करने पर भी विचार किया जा रहा है। प्रशासनिक नैतिक समर्थन मिलने पर युवा जांजगीर द्वारा शहर की दुकानों से ट्री गार्ड सहयोग हेतु संपर्क करने की भी पहल की जाएगी।अभियान के अंत में यह संदेश दिया गया कि यदि हम सब मिलकर स्वच्छता और संरक्षण का सपना देखें और उसे पूरा करने का दृढ़ संकल्प लें, तो जांजगीर की नहर भी यूरोप तथा अन्य विकसित देशों की नहरों की तरह स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बन सकती है।

img 20260329 wa02838292833012110826931 Console Corptech
img 20260329 wa02822259556831948307025 Console Corptech
img 20260329 wa0285437926383722814293 Console Corptech

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button