सक्ती-

संत रविदास जी का समरसता संदेश विकसित भारत की आधारशिला : भाजपा प्रदेश मंत्री श्रीमती विद्या सिदार

सक्ती

 

भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मंत्री श्रीमती विद्या सिदार ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज केवल किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक, समाज सुधारक और समरसता के अग्रदूत हैं। उन्होंने अपने जीवन के माध्यम से समाज को समानता, आत्मसम्मान, सामाजिक न्याय और मानवता का संदेश दिया। आज भी उनके विचार सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने सदियों पहले थे।उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने ऐसे समय में समाज को नई दिशा दी, जब जातिगत भेदभाव, सामाजिक विषमता और छुआछूत जैसी कुरीतियाँ समाज को विभाजित कर रही थीं। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार बताया तथा “बेगमपुरा” जैसे आदर्श समाज की कल्पना प्रस्तुत की, जहाँ किसी प्रकार का भेदभाव, अन्याय, शोषण या दुख न हो।श्रीमती सिदार ने बताया कि गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पूरे देश में “समरसता संकल्प अभियान” चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास जी के समता, सामाजिक न्याय, सेवा, सद्भाव और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करना है।उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा की संध्या पर देशभर के मंदिरों में “समरसता दीप महोत्सव” आयोजित किया जाएगा, जिसमें हजारों स्थानों पर दीप प्रज्वलित कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा। इसके साथ ही “कलश वंदन अभियान”, “संत संपर्क अभियान”, “समरसता यात्रा” तथा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को जोड़ा जाएगा।प्रदेश मंत्री श्रीमती विद्या सिदार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी सामाजिक समरसता और सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास एवं सबका प्रयास के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गुरु रविदास महाराज का दिखाया मार्ग ही एक सशक्त, समरस और विकसित भारत के निर्माण का आधार है।उन्होंने प्रदेश के सभी संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं एवं नागरिकों से इस राष्ट्रव्यापी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह अभियान सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना को नई मजबूती प्रदान करेगा तथा गुरु रविदास महाराज के अमर संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाएगा। प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष टिकेश्वर सिंह गबेल, जिला उपाध्यक्ष अन्नपूर्णा राठौर, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रेम पटेल जिला मीडिया सहप्रभारी नारायण राठौर,परसन राठौर सहित पत्रकार साथी उपस्थि रहे।

Related Articles

Back to top button