जांजगीर चाम्पा

जिला प्रशासन जांजगीर-चांपा द्वारा बंधक श्रमिकों की मुक्ति हेतु त्वरित कार्रवाई आरम्भ

तमिलनाडु में बंधक बनाकर रखे गए जांजगीर-चांपा जिले के 41 श्रमिकों सहित बच्चों एवं महिलाओं समेत कुल 50 लोगों की सुरक्षित वापसी की तैयारी

कलेक्टर ने स्वयं श्रमिकों से दूरभाष पर चर्चा कर किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराने कहा

जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा जिले के श्रमिकों को तमिलनाडु राज्य के तिरुवल्लूर जिले अंतर्गत देवांद्वकाम ग्राम में कार्य कराने के लिए ले जाया गया था, जहां उन्हें उचित मजदूरी नहीं दी जा रही थी तथा जबरन कार्य कराया जा रहा था। मामले की शिकायत प्राप्त होने पर तिरुवल्लूर जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रमिकों का रेस्क्यू कराया गया।जिस पर कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने तत्काल संज्ञान लिया।जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन ने तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिला प्रशासन एवं स्थानीय अधिकारियों से तत्काल संपर्क स्थापित कर श्रमिकों की स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक समन्वय किया। इसके उपरांत स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित एनजीओ की सहायता से श्रमिकों को मुक्त कराया गया, जिनमें महिलाएं एवं बच्चे भी शामिल हैं।इस दौरान कलेक्टर श्री महोबे ने स्वयं श्रमिकों से दूरभाष पर चर्चा कर उनका हालचाल जाना तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराने कहा। उन्होंने श्रमिकों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ा है तथा उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाएगी।जिला प्रशासन द्वारा श्रमिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। तिरुवल्लूर प्रशासन द्वारा श्रमिकों को भोजन, यात्रा टिकट एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई है तथा उन्हें अवमुक्ति प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए हैं।श्रम पदाधिकारी श्री समीर मिश्रा ने बताया कि प्रशासन लगातार श्रमिकों एवं वहां के अधिकारियों के संपर्क में है तथा श्रमिकों के गृह ग्राम पहुंचने तक समुचित समन्वय बनाए रखा जाएगा। इसके साथ ही श्रमिकों को आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button