सेमरिया,बंसुला में स्मार्ट क्लास के शुभारंभ से ग्रामीण विद्यालयों में शिक्षा को मिलेगी नई उड़ान

बीआरसी एच.के. बेहार, सीआरसी रमेश मेहरा, सीएसी विश्वनाथ कश्यप एवं बीपीओ उल्लास नवभारत साक्षरता डॉ. उमेश दुबे की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ शुभारंभ

जांजगीर-चांपा
शासकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बंसुला एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सेमरिया में स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया गया।इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) बसंत चतुर्वेदी ने स्मार्ट क्लास का शुभारंभ करते हुए कहा कि वर्तमान समय डिजिटल शिक्षा का है। स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यार्थी चित्रों,वीडियो, ऑडियो एवं डिजिटल सामग्री के जरिए कठिन विषयों को भी सरलता से समझ सकेंगे।इससे बच्चों में सीखने की रुचि, जिज्ञासा एवं रचनात्मक क्षमता का विकास होगा।कार्यक्रम में बीआरसी एच.के.बेहार,संकुल प्राचार्य रमेश मेहरा,बीपीओ उल्लास नवभारत साक्षरता डॉ उमेश दुबे,तथा शैक्षिक समन्वयक विश्वनाथ कश्यप की गरिमामयी उपस्थिति रही।सभी ने इस पहल को शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में सराहनीय कदम बताया।बीआरसी एच के बेहार ने स्मार्ट क्लास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक का उपयोग अत्यंत आवश्यक हो गया है।स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक,रोचक एवं सरल तरीके से शिक्षा प्रदान की जा सकती है।इस अवसर पर डॉ. उमेश दुबे ने कहा कि डिजिटल शिक्षा आज की आवश्यकता है।स्मार्ट क्लास केवल आधुनिक उपकरणों की व्यवस्था नहीं,बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।इसके माध्यम से ग्रामीण अंचल के विद्यार्थी भी आधुनिक एवं तकनीक आधारित शिक्षा का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।उन्होंने शिक्षकों से स्मार्ट क्लास का नियमित एवं प्रभावी उपयोग कर शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक,सरल और परिणाम मूलक बनाने का आह्वान किया।स्मार्ट क्लास के शुभारंभ से विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। यह पहल निश्चित रूप से ग्रामीण शिक्षा को नई दिशा प्रदान करेगी तथा डिजिटल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।सीआरसी रमेश मेहरा ने कहा कि बंसुला एवं सेमरिया विद्यालयों में स्मार्ट क्लास का शुभारंभ आधुनिक शिक्षा की ओर एक सार्थक कदम है,जो विद्यार्थियों के सपनों को तकनीक के पंख देकर उनके भविष्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा। विद्यालय के समस्त स्टाफ उपस्थित थे।




