शिक्षा व्यवस्था में कसावट लाने बम्हनीडीह में हुई बड़ी समीक्षा बैठक

ऑनलाइन प्रशिक्षण, पौधारोपण, पाठ्यपुस्तक वितरण और CWSN विद्यार्थियों की मॉनिटरिंग पर दिए गए सख्त निर्देश
जांजगीर-चांपा
बम्हनीडीह // विकासखंड बम्हनीडीह में आयोजित विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों ने विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने, शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।बैठक में सबसे पहले अगस्त माह के सीएसी भ्रमण कार्यक्रम को 31 जुलाई से पूर्व बीआरसी कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी शिक्षकों की विषयवार ऑनलाइन प्रशिक्षण में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।CG VSK पोर्टल में कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर भी सख्ती दिखाई गई। 1 जुलाई से जिन कर्मचारियों की अनुपस्थिति दर्ज है, उनका प्रतिदिन का प्रमाण संस्था प्रमुख द्वारा संकुल में जमा कराने तथा सभी प्रकार के अवकाश केवल CG VSK पोर्टल के माध्यम से दर्ज करने के निर्देश दिए गए।पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत सभी विद्यालयों को तत्काल पंजीयन कर पोर्टल पर फोटो अपलोड करने तथा जिन विद्यालयों में परिसर उपलब्ध है, वहाँ पौधारोपण अनिवार्य रूप से करने को कहा गया।बैठक में MBU शिविर के शेष विद्यार्थियों का अपडेशन शीघ्र पूर्ण करने, पिछले तीन वर्षों में निर्मित विद्यालय भवनों में यदि कहीं पानी का रिसाव हो रहा हो तो उसकी जानकारी उपलब्ध कराने तथा निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों की स्कैनिंग एवं वितरण का कार्य समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।इसके अलावा प्रत्येक विद्यालय में इको (यूको) क्लब का गठन कर पोर्टल पर अपलोड करने, प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों के साथ सभी शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों को जुलाई माह के अंत तक बारहखड़ी एवं 25 तक पहाड़ा याद कराने तथा प्रशस्त ऐप पर विद्यालय का यू-डाइस कोड दर्ज कर पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए।बैठक में CWSN (दिव्यांग) विद्यार्थियों की अद्यतन जानकारी विद्यालय एवं संकुल स्तर पर उपलब्ध रखने, पात्र विद्यार्थियों के दिव्यांग प्रमाण-पत्र के आधार पर छात्रवृत्ति संबंधी जानकारी बीआरसी कार्यालय में जमा करने तथा साक्षर भारत अभियान के तहत ग्राम सर्वेयरों द्वारा निरक्षर व्यक्तियों का सर्वे कर NLEP पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया।बैठक के अंत में अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकताओं वाले सभी कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। लापरवाही या अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा। समीक्षा बैठक का उद्देश्य विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करना और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।




