जांजगीर चाम्पा

शिवरीनारायण में स्कूल बसों की जांच, एक बस जब्त एवं दो बसों पर ₹7,000 की चालानी कार्रवाई

जांजगीर-चांपा

शिवरीनारायण में विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा स्कूल बसों की जांच की गई। जांच के दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा स्कूल बसों के सुरक्षित संचालन के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप वाहनों की जांच की गई।इस अभियान के तहत शिशु मंदिर एवं ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल की बसों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच की गई।जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर एक स्कूल बस को जब्त किया गया तथा दो बसों के विरुद्ध कुल ₹7,000 की चालानी कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त अन्य बसों में पाई गई छोटी-मोटी कमियों को दूर करने के लिए संबंधित स्कूल प्रबंधन एवं वाहन संचालकों को 7 दिवस के भीतर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।इस दौरान स्कूल बस चालकों को बच्चों की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता एवं अतिरिक्त सावधानी बरतने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्कूल प्रबंधन को भी यह सुनिश्चित करने कहा गया कि विद्यार्थियों का परिवहन सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही हो।उक्त जांच अभियान के दौरान क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) एवं यातायात प्रभारी उपस्थित रहे। परिवहन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने हेतु इस प्रकार की जांच एवं कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button