वेल विशर फाउंडेशन ने शासकीय हाई स्कूल बरगवां में चलाया जागरूकता अभियान

साइबर अपराध, नशामुक्ति, व्यक्तित्व विकास और देश के गौरवपूर्ण इतिहास की दी जानकारी
जांजगीर-चांपा
अकलतरा // वेल विशर फाउंडेशन द्वारा शासकीय हाई स्कूल बरगवां में विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नशामुक्ति, व्यक्तित्व विकास एवं देश के गौरवपूर्ण इतिहास के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विभिन्न सामाजिक एवं समसामयिक विषयों की जानकारी देते हुए बेहतर भविष्य के लिए सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवक सतीश दीवान गायत्री परिवार के जिला संयोजक महेश्वर कश्यप, थाना अकलतरा से एसआई भैया आशीष एवं राजपूत सर उपस्थित रहे।वरिष्ठ समाजसेवक सतीश दीवान ने विद्यार्थियों को भारत के गौरवपूर्ण इतिहास की जानकारी देते हुए स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले वीर देशभक्तों एवं महान स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को देश के इतिहास और संस्कृति पर गर्व करने तथा राष्ट्रहित में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।गायत्री परिवार के जिला संयोजक महेश्वर कश्यप ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की।थाना अकलतरा से पहुंचे एसआई भैया आशीष ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया। उन्होंने मोबाइल एवं इंटरनेट का सावधानीपूर्वक उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने मोबाइल के सदुपयोग पर भी विशेष जोर दिया।थाना अकलतरा से आए राजपूत सर ने विद्यार्थियों को उनके मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करते हुए उनकी अच्छी बातों का पालन करना चाहिए तथा अनुशासन को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।वेल विशर फाउंडेशन के सदस्य दीपक साहू ने विद्यार्थियों को योग एवं ध्यान के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नियमित योग और ध्यान से एकाग्रता बढ़ती है तथा व्यक्तित्व विकास में भी मदद मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग एवं ध्यान करने की सलाह दी।वहीं, वेल विशर फाउंडेशन के सचिव चिराग शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य एवं सपनों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण समय है, इसलिए इस दौरान अच्छी आदतों को अपनाकर अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमति करुणा शाण्डिल्य ने वेल विशर फाउंडेशन एवं उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। जागरूकता कार्यक्रम में वेल विशर फाउंडेशन के सचिव चिराग शर्मा सदस्य दीपक साहू स्कूल के प्राचार्य श्रीमति बीके शाण्डिल्य, शिक्षक ए के मार्बल,बी एल कर्ष,राजीव कुमार साहू,शिक्षिका शिखा चौबे,लक्ष्मी साहू व रूखमणी सिंह पटेल उपसिथत रहे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अतिथियों द्वारा दी गई महत्वपूर्ण जानकारियों को ध्यानपूर्वक सुना।






