विकासखंड बम्हनीडीह में बच्चों की गणितीय दक्षता सुधारने शुरू हुआ “मेरी तैयारी, मेरी सफलता” अभियान

अगस्त से फरवरी तक प्रतिमाह ट्रैक की जाएगी कक्षावार पहाड़ा प्रगति

जांजगीर-चांपा
बम्हनीडीह (जांजगीर-चांपा):
विकासखंड बम्हनीडीह के शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों के बुनियादी गणितीय कौशल और गुणात्मक स्तर को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से “मेरी तैयारी, मेरी सफलता” विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत विद्यार्थियों की पहाड़ा (गुणात्मक तालिका) सीखने की क्षमता का नियमित मूल्यांकन कर मासिक प्रगति पत्रक तैयार किया जा रहा है।
जारी मासिक प्रगति पत्रक के माध्यम से कक्षावार एवं दर्ज संख्या के आधार पर विद्यार्थियों को 6 प्रमुख श्रेणियों में वर्गीकृत कर अगस्त से फरवरी माह तक निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी:
पहाड़ा नहीं जानने वाले विद्यार्थी
5 तक पहाड़ा जानने वाले विद्यार्थी
10 तक पहाड़ा जानने वाले विद्यार्थी
15 तक पहाड़ा जानने वाले विद्यार्थी
20 तक पहाड़ा जानने वाले विद्यार्थी
25 तक पहाड़ा जानने वाले विद्यार्थी
विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसंत चतुर्वेदी का वक्तव्य:
“गणित विषय का आधार मजबूत करने के लिए बुनियादी पहाड़ा (टेबल) का ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। ‘मेरी तैयारी, मेरी सफलता’ अभियान के माध्यम से हमारा लक्ष्य है कि प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्तर के प्रत्येक विद्यार्थी को उसकी क्षमता के अनुरूप 25 तक पहाड़ा सिखाया जाए। मासिक प्रगति पत्रक के जरिए प्रत्येक संस्था प्रमुख हर माह विद्यार्थियों के सीखने के स्तर का पारदर्शी आंकलन करेंगे, जिससे कमजोर बच्चों की पहचान कर उन पर विशेष ध्यान दिया जा सके। सभी प्रधानपाठकों एवं शिक्षकों को इस अभियान को गंभीरता और निष्ठा से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए गए हैं।”

इस अभियान के तहत प्रत्येक माह के अंत में प्रधानपाठक द्वारा प्रमाणित रिपोर्ट के आधार पर विकासखंड स्तर पर समीक्षा की जाएगी, जिससे कोई भी बच्चा बुनियादी गणितीय गणना में पीछे न छूटे।




