जशपुर

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जशपुर पुलिस की अभिनव पहल ‘हेलमेट बैंक’ का पुलिस लाइन जशपुर में फीता काटकर किया शुभारंभ

अब हेलमेट के अभाव में किसी को नहीं करना पड़ेगा असुरक्षित सफर, आकस्मिक जरूरत एवं आर्थिक परेशानी में जशपुर पुलिस उपलब्ध कराएगी हेलमेट

IMG 20261104 193156 kshititech

माननीय मुख्यमंत्री ने नागरिकों को वितरित किए हेलमेट, जशपुर पुलिस का संकल्प – ‘हर हेड में हो हेलमेट’

 

गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड समारोह देखकर लौटे पुलिस मितानों से मुख्यमंत्री ने की सौजन्य भेंट, दी शुभकामनाएं

IMG 20261104 193139 kshititech

हेलमेट रैली, स्कूल-कॉलेजों एवं बाजार-हाट में पहुंचकर जशपुर पुलिस कर रही सड़क सुरक्षा के सात वचनों का प्रचार-प्रसार, आम नागरिकों को किया जा रहा जागरूक

 

जशपुर

 

सड़क दुर्घटनाओं में अनमोल जिंदगियों को बचाने, दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करने तथा जिले में सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से पुलिस कप्तान जशपुर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस द्वारा एक अभिनव एवं जनहितकारी पहल ‘हेलमेट बैंक’ प्रारंभ की गई है।आज दिनांक 04.11.2026 को रक्षित केंद्र जशपुर में माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने फीता काटकर ‘हेलमेट बैंक’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित नागरिकों को हेलमेट वितरित कर दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।कार्यक्रम में सांसद रायगढ़ राधेश्याम राठिया ,विधायक जशपुर रायमुनी भगत, विधायक पत्थलगाँव गोमती साय, सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) दीपक कुमार झा, सरगुजा संभाग के कमिश्नर नरेंद्र कुमार दुग्गा, कलेक्टर जशपुर रोहित व्यास, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार , डी एस पी ट्रैफिक कुंज राम चौहान, एस डी ओ पी जशपुर निमितेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल तथा परेड देख लौटे जशपुर पुलिस के पुलिस मितानों से भी सौजन्य भेंट की तथा उनके इस गौरवपूर्ण आयोजन में सहभागिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

हेलमेट बैंक – जरूरत के समय मददगार बनेगी जशपुर पुलिस

 

जशपुर पुलिस का संकल्प है कि जिले में दोपहिया वाहन से सफर करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के सिर पर हेलमेट हो। इसी उद्देश्य को साकार करने के लिए ‘हेलमेट बैंक’ की शुरुआत की गई है। पुलिस का प्रयास है कि किसी भी व्यक्ति को हेलमेट उपलब्ध नहीं होने अथवा आर्थिक परेशानी के कारण बिना हेलमेट यात्रा करने की मजबूरी न हो।

 

हेलमेट बैंक के माध्यम से यदि किसी व्यक्ति को आकस्मिक रूप से कहीं जाना हो और उसके पास हेलमेट उपलब्ध न हो अथवा हेलमेट खरीदने के लिए पर्याप्त पैसे या समय न हो, तो जशपुर पुलिस द्वारा उसे अस्थायी रूप से हेलमेट उपलब्ध कराया जाएगा। संबंधित व्यक्ति अपना स्वयं का हेलमेट खरीद लेने के बाद पुलिस को हेलमेट वापस कर सकेगा। इस प्रकार जरूरत के समय पुलिस उसकी सुरक्षित यात्रा में मददगार बनेगी।

 

हेलमेट बैंक की अनूठी कार्यप्रणाली

 

1. आकस्मिक परिस्थिति में मिलेगा हेलमेट

 

किसी व्यक्ति के पास अचानक यात्रा के दौरान हेलमेट उपलब्ध नहीं होने अथवा आर्थिक परेशानी के कारण हेलमेट नहीं खरीद पाने की स्थिति में पुलिस हेलमेट बैंक से उसे अस्थायी रूप से हेलमेट उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वह बिना हेलमेट वाहन चलाने की बजाय सुरक्षित यात्रा कर सके।

 

2. हेलमेट वापसी के साथ जनसेवा में सहभागिता

 

हेलमेट प्राप्त करने वाला व्यक्ति अपना स्वयं का हेलमेट खरीदने के बाद पुलिस का हेलमेट वापस करेगा। इसके साथ ही उसे सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस के साथ एक छोटी-सी जनसेवा गतिविधि में सहभागी बनना होगा। इस पहल से वह स्वयं भी सड़क सुरक्षा का संदेशवाहक बनेगा और अन्य लोगों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करेगा।

 

3. बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को हेलमेट खरीदने के लिए किया जा रहा प्रेरित

 

जशपुर पुलिस द्वारा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते पाए जाने पर वाहन चालक द्वारा नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद प्रस्तुत करने पर बिना चालानी कार्रवाई किए मोटरसाइकिल वापस की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में हेलमेट पहनने की आदत विकसित करना एवं उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाना है।

 

4. जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस मितान की सहभागिता

 

हेलमेट पहनने के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए जशपुर पुलिस द्वारा जनप्रतिनिधियों, पुलिस मितान एवं आम नागरिकों से सहयोग की अपील की जा रही है, ताकि सड़क सुरक्षा का संदेश जिले के गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचे। इस अभियान में आम नागरिकों की सहभागिता से सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

हेलमेट रैली, स्कूल-कॉलेज एवं बाजार-हाट में पहुंचकर सड़क सुरक्षा के सात वचनों का संदेश

 

हेलमेट पहनने एवं यातायात नियमों के पालन को जनजीवन की आदत बनाने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा जिलेभर में लगातार व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस द्वारा हेलमेट रैली निकालकर आम नागरिकों को सुरक्षित वाहन चालन का संदेश दिया जा रहा है।

 

जशपुर पुलिस की टीमें स्कूलों एवं कॉलेजों में पहुंचकर विद्यार्थियों तथा युवाओं को सड़क सुरक्षा के महत्व, हेलमेट की अनिवार्यता एवं यातायात नियमों के संबंध में जागरूक कर रही हैं। इसके साथ ही साप्ताहिक बाजार-हाट एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर आम नागरिकों से सीधा संवाद किया जा रहा है तथा उन्हें सड़क सुरक्षा के सात वचनों का संकल्प दिलाया जा रहा है।

 

इस अभियान के माध्यम से वाहन चालकों को स्वयं हेलमेट पहनने, पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने जैसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जशपुर पुलिस का प्रयास है कि बच्चे, युवा, महिलाएं एवं बुजुर्ग सभी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक हों और इस संदेश को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाएं।

 

सड़क सुरक्षा के प्रति जशपुर पुलिस की प्रतिबद्धता

 

जशपुर पुलिस की यह पहल केवल हेलमेट वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका व्यापक उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी एवं जागरूकता की भावना विकसित करना है। हेलमेट बैंक, जनजागरूकता रैली, स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम तथा बाजार-हाट में चलाए जा रहे अभियान के माध्यम से पुलिस सड़क सुरक्षा को जनभागीदारी से जनआंदोलन बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

 

पुलिस का प्रयास है कि हेलमेट पहनना केवल चालानी कार्रवाई से बचने का माध्यम न होकर प्रत्येक दोपहिया वाहन चालक की स्वाभाविक आदत बने, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली गंभीर चोटों एवं जान-माल की क्षति को कम किया जा सके।

 

जशपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं हेलमेट अवश्य पहनें तथा पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनाएं। यातायात नियमों का पालन करें और अपनी एवं अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

 

जशपुर पुलिस का संकल्प एवं संदेश – “हर हेड में हो हेलमेट!”

 

हेलमेट पहनें, जी

वन बचाएं। आपकी सुरक्षा ही आपके परिवार की खुशियां है

 

IMG 20261104 193126 kshititech

Related Articles

Back to top button