जांजगीर चाम्पा

ग्राम पंचायत मोहगांव में शासकीय भूमि पर अवैध राखड़ डम्पिंग

img 20260527 wa009695729682245559412 Console Corptech

जांजगीर-चांपा
जिले के जनपद पंचायत बम्हनीडीह अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहगांव में शासकीय भूमि पर अवैध राखड़ डम्पिंग को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय एवं एसडीएम कार्यालय पहुंचकर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में सौ से अधिक ग्रामीणों के हस्ताक्षर बताए जा रहे हैं।ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत मोहगांव में स्थित शासकीय भूमि पर आम जनता के आवागमन के लिए महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना के तहत वर्ष 2020 एवं 2022 में कच्चे रास्ते का निर्माण कराया गया था। वहीं इसी भूमि से लगे खसरा नंबर 138, 185 एवं 274/1 में वर्ष 2021 में मनरेगा के माध्यम से गौवंश के लिए चारागाह निर्माण कार्य भी कराया गया था। इसके अलावा खसरा नंबर 127 स्थित तिगाली तालाब के आसपास भी वर्तमान में राखड़ डम्पिंग की जा रही है।ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान सरपंच एवं सचिव द्वारा जेसीबी मशीन लगाकर कच्ची सड़क और गौचर भूमि की खुदाई कर अवैध रूप से राखड़ डम्पिंग कराई जा रही है। इससे शासन द्वारा निर्मित सड़क एवं चारागाह पूरी तरह नष्ट हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निजी लाभ के उद्देश्य से शासकीय भूमि का दुरुपयोग किया जा रहा है, जिससे आसपास की उपजाऊ कृषि भूमि भी प्रभावित हो रही है और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि अवैध राखड़ डम्पिंग के कारण तालाब एवं गौचर भूमि को क्षति पहुंच रही है, जिससे पर्यावरण और ग्राम विकास दोनों प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल अवैध राखड़ डम्पिंग पर रोक लगाई जाए, शासकीय भूमि को खाली कराया जाए तथा दोषी सरपंच एवं सचिव के विरुद्ध दण्डात्मक कार्रवाई करते हुए शासन को हुए नुकसान की भरपाई कराई जाए।जनदर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।सुत्रो से राखड़ की अवैध डंपिंग के बारे में जानकारी के लिए मोहगांव के सरपंच ,व सचिव के पास फोन किया गया तो फोन तक नही उठाया।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button