भव्य तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनें — नारायण चंदेल

जांजगीर-चांपा
जांजगीर // भारतीय जनता पार्टी जिला जांजगीर-चांपा के द्वारा स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 13 अगस्त 2026, गुरुवार को जांजगीर नगर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।यह तिरंगा यात्रा नैला स्टेशन चौक (परशुराम चौक) से प्रारंभ होकर शहीद स्मारक चौक, जांजगीर तक निकाली जाएगी। यात्रा में भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल होंगे।पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल ने जांजगीर नगर एवं क्षेत्र के सभी सम्माननीय नागरिकों, समाज के वरिष्ठजनों, विशिष्टजनों, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस भव्य तिरंगा यात्रा की गरिमा बढ़ाएं और राष्ट्रभक्ति के इस आयोजन में सहभागी बनें।श्री चंदेल ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह तिरंगा यात्रा देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।उन्होंने नगर एवं क्षेत्रवासियों से विनम्र आग्रह करते हुए कहा कि सभी नागरिक अपने हाथों में तिरंगा लेकर इस भव्य यात्रा में सहभागी बनें तथा स्वतंत्रता सेनानियों और देश के वीर शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट करें।श्री नारायण चंदेल ने सभी नगरवासियों एवं क्षेत्रवासियों से तिरंगा यात्रा को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आह्वान किया है।




