चित्रांग प्रोजेक्ट के तहत साप्ताहिक सफाई अभियान जारी, युवाओं का सराहनीय प्रयास

जांजगीर चांपा// युवा जांजगीर क्लब द्वारा संचालित चित्रांग प्रोजेक्ट के अंतर्गत हर रविवार को चलाया जा रहा साप्ताहिक सफाई अभियान आज भी उत्साहपूर्वक जारी रहा। इस दौरान युवाओं ने नहर किनारे स्थित पुरानी सिंचाई कॉलोनी के आसपास लगभग 200 मीटर क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया।अभियान के दौरान विशेष रूप से प्लास्टिक कचरे को एकत्रित कर उसे डस्टबिन में डाला गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश दिया गया। इस अभियान में कुल 11 युवा सक्रिय रूप से शामिल हुए।इस अवसर पर तीन नई महिला साथी — ममता, मनीषा और संगीता — भी अभियान से जुड़ीं, जो वर्तमान में एलएलबी (LLB) की पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ सफाई कार्य में भाग लिया। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भाग लेना अत्यंत आवश्यक है, जिससे हम अपने विषय की जमीनी हकीकत से जुड़ सकें, उसे बेहतर तरीके से समझ सकें और व्यवहारिक रूप से सीख सकें।सफाई के साथ-साथ युवाओं ने नहर किनारे स्थित दुकानदारों से संवाद कर उन्हें भी इस अभियान में शामिल होने और कचरे के उचित निपटान हेतु डस्टबिन का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही दुकानदारों से अपने ग्राहकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया गया।अभियान के दौरान बारिश ने कुछ समय के लिए व्यवधान उत्पन्न किया, लेकिन युवाओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। बारिश थमने के बाद पुनः सफाई कार्य प्रारंभ कर अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।यह सफाई अभियान सुबह 6:00 बजे से 8:00 बजे तक संचालित किया गया। युवा जांजगीर क्लब का यह प्रयास न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ा रहा है, बल्कि समाज में सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी सुदृढ़ कर रहा है।युवा जांजगीर, जांजगीर और आसपास के युवाओं द्वारा बनाया गया एक स्वतंत्र युवा क्लब है, जिसका उद्देश्य छोटे-पैमाने के सामाजिक कार्यों के माध्यम से युवाओं में क्षमता-विकास और नागरिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। क्लब शिक्षा-सहायता और कौशल-विकास से जुड़े कार्य भी करता है। यह किसी राजनीतिक या धार्मिक संस्था से संबद्ध नहीं है और संविधान के मूल्यों पर आधारित है।




