भाईदूज पर्व भाई बहन के अटुट प्रेम, विश्वास और आत्मीयता का प्रतीक:डां उमेश दुबे

जांजगीर-चांपा
भाईदूज का पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम,विश्वास और आत्मीयता का प्रतीक है जो रक्षा बंधन के बाद स्नेह का दूसरा सबसे बड़ा त्योहार है।कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाने वाला यह पावन पर्व इस रिश्ते की पवित्रता को और प्रगाढ़ करता है।हिन्दू पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल द्वितीया को यह त्योहार मनाया जाता है।पौराणिक कथा के अनुसार,इस दिन यमुना जी ने अपने भाई यमराज को अपने घर भोजन के लिए सप्रेम आमंत्रित किया था और उनके माथै पर तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु व कल्याण की कामना की थी।यमराज ने प्रसन्न होकर वरदान दिया कि जो बहन इस दिन अपने भाई को तिलक करेगी और भाई यमुना में स्नान कर यमुना जी का पूजन करेगा,उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा।तभी से भाई-बहन के इस स्नेहिल पर्व की परंपरा चली आ रही है।इस दिन बहनें और भाई सुबह स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करते हैं।भाई की लंबी उम्र और मंगलमय भविष्य के लिए भगवान यमराज और चित्रगुप्त की पूजा का विधान है।बहनें भाई को तिलक लगाने से पहले चावल या गेहूं के आटे का चौक (मंडप) बनाती हैं।भाई को उस पर पूर्व या उत्तर दिशा की ओर मुख करके बैठाया जाता है।इसके बाद रोली और चंदन का तिलक लगाकर कलावा (रक्षा सूत्र) बांधती हैं और आरती उतारती हैं।तिलक के बाद भाई अपनी बहन का मुंह मीठा करते हैं और उन्हें अपनी क्षमतानुसार स्नेहस्वरूप उपहार,वस्त्र या आशीर्वाद देते हैं।पर्व का सामाजिक और पारिवारिक संदेश भाईदूज केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि यह परिवार को एक सूत्र में पिरोने वाला अवसर है।व्यस्त जीवनशैली के बीच यह त्योहार भाई-बहन को एक साथ बैठकर अपने बचपन की यादें ताजा करने और एक-दूसरे के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहने का संकल्प लेने का मौका देता है।यह पर्व हमारी महान भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों की जीवंत मिसाल है,जो रिश्तों में मिठास और विश्वास हमेशा बनाए रखती है।




