सक्ती जिले में केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने

प्रधानमंत्री आवास गृह प्रवेश कार्यक्रम, पंचायत पदाधिकारी-लखपति दीदी सम्मेलन सहित विभिन्न विकास कार्यो का लोकार्पंण शिलान्यास व अन्य कार्यक्रमो की तैयारियों का लिया जायजा


ग्राम जेठा में 11 सितंबर को होगा भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय भी रहेंगे उपस्थित

सक्ती,

केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, भारत सरकार श्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आगामी 11 सितंबर 2026 को सक्ती जिले के ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में प्रधानमंत्री आवास गृह प्रवेश कार्यक्रम एवं पंचायत पदाधिकारी तथा लखपति दीदी सम्मेलन सहित विभिन्न विकास कार्यो का लोकार्पंण शिलान्यास व अन्य कार्यक्रमो का आयोजन प्रस्तावित है। जिसकी तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने आज उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब सक्ती जिले के ग्राम जेठा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर, एसपी, सीईओ सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने सर्वप्रथम इस भव्य कार्यक्रम के लिए बनाए गए रूट मैप का अवलोकन कर पार्किंग व्यवस्था, मुख्य मंच व बैठक व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और प्रभारी मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिको, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आमजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए।उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा एवं प्रभारी मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने मुख्य मंच की व्यवस्था, टेंट एवं पंडाल निर्माण, दर्शक दीर्घा, पत्रकार दीर्घा, अतिथियों एवं आमजनों की बैठक व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल सुविधा, बायो टॉयलेट, बैरिकेटिंग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अतिथियों के आगमन एवं निकासी सहित अन्य सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक व्यवस्था की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर आने वाले वीआईपी और आमलोगों सहित सभी की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रवेश एवं आगमन व्यवस्था को व्यवस्थित रखने, पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए है।उल्लेखनीय है कि 11 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम तथा पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन का आयोजन होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों एवं आमजनों आदि के शामिल होने की संभावना है। निरीक्षण के दौरान पंचायत सचिव सुश्री ऋचा शर्मा, पंचायत आयुक्त श्री तारण प्रकाश सिंहा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष जांजगीर श्री गगन जयपुरिया, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विद्या सिदार, जिला पंचायत सदस्य श्री आयुष शर्मा, श्रीमती संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव, श्री टिकेश्वर गबेल, श्री कृष्ण कांत चंद्रा, श्री अभिषेक शर्मा, श्री रामनरेश यादव, श्री चिराग अग्रवाल, सहित कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन, पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर श्री के एस पैंकरा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, संबंधित अधिकारी कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

“”उपमुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों से भी की भेंट मुलाकात””
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री ने जिले के क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से भी की भेंट मुलाकात कर केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का वृहद स्तर पर अच्छे से आयोजन में जिला प्रशासन का पूरा सहयोग करने कहा। उन्होंने कहा कि यह हम सभी का कार्यक्रम है और हमें इसे बेहतर ढंग से आयोजित करना है।





