विद्याभारती मध्यक्षेत्र क्षेत्रीय कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव

खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और ऊर्जा के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है – उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव
उप मुख्यमंत्री, सांसद सहित अतिथियों ने खिलाड़ियों को दी बधाई एवं शुभकामनाएं
जांजगीर-चांपा,
उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव आज चांपा के सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित विद्याभारती मध्यक्षेत्र क्षेत्रीय कबड्डी खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के समापन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समापन कार्यक्रम के दौरान विजेता टीम को मुमेन्टो, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सांसद लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा श्रीमती कमलेश जांगड़े, पूर्व संसदीय सचिव श्री अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका चांपा अध्यक्ष श्री प्रदीप नामदेव, नगर पालिका जांजगीर-नैला अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल, जिला पंचायत सदस्य श्री राजकुमार साहू, श्री हनुमान प्रसाद, श्री शान्ति कुमार सोनी, श्री प्रशांत सिंह ठाकुर, श्रीमती रजनी सत्तु साहू, श्री अमर सुल्तानिया, इंजी रवि पांडेय, श्री कार्तिकेश्वर स्वर्णकार, श्री सलीम मेमन, श्री कमल देवांगन सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक एवं विद्यार्थी, खिलाड़ी उपस्थित थे।
उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने कहा कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए खेलना बेहद जरूरी है, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। विद्यार्थियों और युवाओं को प्रतिदिन खेल के लिए समय देना चाहिए। मैदान में बहाया गया पसीना शरीर में ऊर्जा और जीवन में उत्साह बनाए रखता है। उन्होंने कहा कि विद्या भारती विद्यार्थियों और युवाओं के जीवन को अनुशासन तथा संस्कारों से जोड़ते हुए उन्हें अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि खेल में कोई जीतता है तो कोई हारता है, लेकिन सीखते सभी हैं। खेल हमें अच्छा स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास और ऊर्जा प्रदान करता है तथा लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। एक अच्छा खिलाड़ी अनुशासित जीवन जीता है और ऊर्जा से भरपूर रहता है।
श्री साव ने कहा कि जब कोई बच्चा छोटा होता है और चलने का प्रयास करता है, तो वह कई बार गिरता है, लेकिन हर बार उठकर दोबारा चलने का प्रयास करता है। अंततः वही बच्चा चलना और दौड़ना सीख जाता है। इसी प्रकार जीवन में बार-बार असफलता मिलने पर निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर पुनः प्रयास करना चाहिए। मन, समर्पण और संकल्प के साथ किए गए प्रयास से सफलता प्राप्त की जा सकती है। आत्मविश्वास और ऊर्जा से भरा व्यक्ति ही जीवन में आगे बढ़ता है। असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यालयों में विद्यार्थियों को अनुशासन और शिष्टाचार की शिक्षा दी जाती है, जो उनके जीवन में एक अच्छा इंसान बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को श्री जुड़ावन सिंह ठाकुर एवं श्री सुधीर देव ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की सहभागिता और उनकी उपलब्धियां सभी के लिए गर्व की बात हैं। जीत और हार दोनों ही जीवन के महत्वपूर्ण पाठ सिखाते हैं। खेल जीवन का अहम हिस्सा है, जिससे शारीरिक, मानसिक और व्यक्तित्व का समुचित विकास होता है।






