छत्तीसगढ़ में नई तकनीक व कौशल विकास का नया अध्याय, 500 करोड़ रुपये से बदलेगी राज्य की डिजिटल तस्वीर : भाजपा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मिशन को मंजूरी देने पर भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर सिंह गबेल ने जताया आभार
सक्ती
भारतीय जनता पार्टी जिला सक्ती के जिलाध्यक्ष टिकेश्वर सिंह गबेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य मंत्रिपरिषद द्वारा ‘छत्तीसगढ़ राज्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मिशन’ को दी गई ऐतिहासिक मंजूरी का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश में सुशासन, नई तकनीक, कौशल विकास और डिजिटल अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाला दूरदर्शी निर्णय बताया है।श्री गबेल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने वर्षों तक डिजिटल विकास और तकनीकी प्रगति के नाम पर केवल घोषणाएं कीं, जबकि भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार तकनीक को जनहित से जोड़ते हुए ठोस कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह मिशन पांच वर्षों की अवधि में 500 करोड़ रुपये की लागत से संचालित होगा और इसका लाभ केवल बड़े शहरों तक सीमित न रहकर दूरस्थ क्षेत्रों, छोटे शहरों और ग्रामीण अंचलों तक पहुंचेगा।जिलाध्यक्ष श्री गबेल ने बताया कि मिशन के तहत प्रदेश में 100 अत्याधुनिक एआई डेटा लैब स्थापित किए जाएंगे। शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किए जाएंगे। 300 से अधिक एआई स्टार्टअप्स को आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग दिया जाएगा। प्रदेश के 6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। साथ ही शासन-प्रशासन को अधिक पारदर्शी, तेज एवं प्रभावी बनाने के लिए 50 से अधिक एआई आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी।श्री टिकेश्वर सिंह गबेल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा तकनीकी विकास का श्रेय लेने का प्रयास करती रही है, लेकिन लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद उसने तकनीक को आमजन तक पहुंचाने के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने विकास, नवाचार और सुशासन को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारकर परिणाम दिए हैं।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य एआई मिशन, भारत सरकार के इंडिया एआई मिशन के अनुरूप प्रदेश को नवाचार, कौशल विकास और डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करेगा। यह मिशन युवाओं के लिए नए रोजगार, स्टार्टअप और स्वरोजगार के अवसर सृजित करने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ को भविष्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था का मजबूत केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




