जांजगीर चाम्पा

विकसित कृषि संकल्प अभियान हेतु जागरूकता रथ रवाना

जांजगीर-चांपा
जांजगीर जिले में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों व शासकीय योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से विकसित कृषि संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान 5 मई से 20 मई तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन रथों के माध्यम से विभाग प्रत्येक विकासखण्ड के गांव-गांव पहुंचकर किसानों को खरीफ मौसम में फसलों की तैयारी, उन्नत बीजों का उपयोग, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, हरी खाद, जैव उर्वरकों एवं नैनो यूरिया, नैनो डी.ए.पी का प्रयोग, पी.एम.किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, पी.एम.आशा योजना अंतर्गत फसल विविधिकरण, आधुनिक कृषि यंत्रों एवं तकनीक व कृषि विभाग के विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रचार प्रसार के माध्यम से दी जाएगी। उप संचालक कृषि श्री राकेश शर्मा ने बताया कि इस अभियान के दौरान किसानों को जैविक व प्राकृतिक खेती अपनाने, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार उर्वरक उपयोग करने और फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीकों के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। कृषि एवं समवर्गिया विभागो के साथ-साथ कृषि विज्ञान केन्द्र के विषय वस्तु विशेषज्ञों की टीम गांवों में पहुंचकर किसानों को प्रत्यक्ष मार्गदर्शन प्रदान करेगी। इसके अलावा दलहन, तिलहन व अन्य फसलों के उत्पादन बढ़ाने के उपाय भी बताए जाएंगे। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना सहित अन्य लाभकारी योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।इस अभियान के शुभारम्भ के दौरान कलेक्टर महोदय के साथ-साथ अतिरिक्त कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर, कृषि विज्ञान केन्द्र के कार्यक्रम समन्वयक श्री खेमादास महंत, ़कृषि एव समवर्गीय विभागो के जिला अधिकारी उपस्थित रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button